मिलिंद देवड़ा को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना
मुंबई, 7 जुलाई। कांग्रेस अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के त्यागपत्र की औपचारिक घोषणा के बाद पार्टी में इस्तीफों का दौर रविवार को भी जारी रहा। रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने अपने-अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राहुल ने 25 मई को इस्तीफे की पेशकश की थी। चार दिन पूर्व उन्होंने अपना इस्तीफा ट्वीटर पर पोस्ट किया था।
लोकसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तरप्रदेश के प्रभारी रहे सिंधिया ने रविवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि लोगों का जनादेश और अपनी जिम्मेदारी स्वीकारते हुए मैंने अपना इस्तीफा राहुल गांधी को सौंप दिया है। सिंधिया के प्रभार वाले क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी लचर रहा था और वहां पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।
देवड़ा ने भी पद छोड़ा
समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक तीन महीने पहले मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद एम. देवड़ा ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने शहर इकाई की देखरेख के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं के सामूहिक नेतृत्व के अस्थायी व्यवस्था की सिफारिश की है।
देवड़ा के कांग्रेस में राष्ट्रीय भूमिका के लिए नई दिल्ली जाने की संभावना है। उनके एक सहयोगी के अनुसार, 26 जून को नई दिल्ली में निवर्तमान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने के तुरंत बाद देवड़ा ने पद छोडऩे की इच्छा व्यक्त की थी।
देवड़ा के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है, इस बात की जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों मल्लिकार्जुन खडग़े और के.सी. वेणुगोपाल को भी दे दी गई है। देवड़ा को संजय निरुपम की जगह 2019 लोकसभा चुनाव की पूर्व संध्या पर मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।