भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल : रामलाल की जगह वी. सतीश आएंगे
नई दिल्ली, 13 जुलाई (एजेंसी)| भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए पार्टी महासचिव (संगठन) रामलाल को दशक भर बाद आरएसएस में वापस भेजा गया है। वी. सतीश उनकी जगह लेंगे।
घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहे सूत्रों ने बताया कि रामलाल ने पार्टी प्रमुख अमित शाह को दो बार पत्र लिखकर पार्टी महासचिव (संगठन) की जिम्मेदारी से विमुक्त करने का आग्रह किया था। रामलाल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह वर्ष 2009 से पहले इसी पद पर थे।
संघ को मिलता है संगठन महासचिव का पद
संघ के प्रचार प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि यह निर्णय संघ के ‘प्रांत प्रचारक बैठक’ में लिया गया। विजयवाड़ा में चल रही इस बैठक का समापन शनिवार को हुआ। भाजपा में महासचिव (संगठन) का पद हमेशा संघ के पदाधिकारी को दिया जाता रहा है, ताकि दोनों संगठनों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे।
कुमार ने कहा कि यह संघ के पूर्णकालिक पदाधिकारियों के स्थानांतरण की नियमित परिपाटी है। सूत्रों ने बताया कि संभावना है कि वी. सतीश जल्द ही भाजपा में रामलाल की जगह लेंगे।