जयपुर, 27 जनवरी (मुखपत्र)। राजस्थान सरकार ने एक आदेश जारी कर श्री देवनारायण जयंती के उपलक्ष्य में 28 जनवरी 2023 को सम्पूर्ण राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की विशिष्ठ शासन सचिव शैली किशनानी ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया है।
इससे पूर्व सरकार की ओर से देवनारायण जयंती पर ऐच्छिक अवकाश घोषित किया गया था। देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष जोगेन्द्र सिंह अवाना, उद्योग मंत्री श्रीमती शकुन्तला रावत तथा खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना सहित कई जनप्रतिनिधियों ने पत्र लिखकर भगवान श्री देवनारायण जयंती पर अवकाश घोषित करने की मांग की थी। इस पर सीएम अशोक गहलोत ने श्री देवनारायण जयंती पर ऐच्छिक अवकाश के स्थान पर राज्य में राजकीय अवकाश घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
उल्लेखनीय है कि भगवान श्री देवनारायण की एक गौरक्षक, असहाय लोगों के कष्टों का निवारण करने वाले लोक देवता एवं पराक्रमी योद्धा के रूप में आराधना की जाती है। राजस्थान एवं अन्य राज्यों में बड़ी संख्या में विभिन्न समाज के श्रद्धालुओं द्वारा भगवान श्री देवनारायण की पूजा की जाती है।