जयपुर, 28 फरवरी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को एक बार फिर राजनीतिक नियुक्तियों का पिटारा खोल दिया। दूसरे चरण में 74 नेताओं, कार्यकर्ताओं को विभिन्न बोर्ड, निगम में राजनीतिक नियुक्ति देकर उपकृत किया गया है।
सचिन पायलट समर्थक दो विधायकों सहित तीन नेताओं को बोर्ड, निगमों में अध्यक्ष और 4 को उपाध्यक्ष बनाया है, जबकि 67 अन्य को सदस्य नियुक्ति किया गया है। पायलट समर्थक विधायक सुरेश मोदी को राजस्थान व्यापार कल्याण बोर्ड और गजराज खटाणा को भवन संनिर्माण राज्य स्तरीय सलाहकार समिति का अध्यक्ष बनाया है।
दो महिला नेत्रियों – अर्चना शर्मा और सुचित्रा आर्य को राजनीतिक नियुक्तियों में स्थान मिला है। प्रदेश कांग्रेस की पूर्व प्रवक्ता अर्चना शर्मा को राजस्थान समाज कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष बनाया है। जबकि सुचित्रा आर्य को राजस्थान स्टेट एग्रो इंडस्ट्रियल डवलपममेंट बोर्ड में उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक दर्शन सिंह गुर्जर को राजस्थान पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम में उपाध्यक्ष और अवधेश दीवाकर बैरवा को राजस्थान अनुसूचित जाति वित्त आयोग में उपाध्यक्ष पद पर नियुक्तिदी गई है। राज्य महिला आयोग में तीन सदस्यों की नियुक्तिकी गई है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार ने राजनीतिक नियुक्तियों के पहले चरण में, 10 फरवरी 2022 को 44 बोर्ड, निगमों में 58 कांग्रेस नेताओं को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाया था।