श्री गुरु रविवास जयंती के कारण चुनाव की तिथियों में फेरबदल
नई दिल्ली, 17 जनवरी। निर्वाचन आयोग ने पंजाब मेें विधानसभा चुनाव कार्यक्रम में फेरबदल करते हुए, 20 फरवरी को मतदान कराने की घोषणा की है। आयोग के अनुसार, उसे राज्य सरकार, राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों की ओर से कई अनुरोध-पत्र प्राप्त हुए हैं, जिसमें 16 फरवरी 2022 को मनाए जाने वाले श्री गुरु रविदास जी जयंती समारोह में भाग लेने के लिए पंजाब से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की वाराणसी आवाजाही के सम्बंध में ध्यान आकर्षित करते हुए मतदान की तिथि को बदलकर 16 फरवरी 2022 के कुछ दिनों बाद रखने का अनुरोध किया है। आयोग ने इस सम्बंध में राज्य सरकार और पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी से भी जानकारी ली है।
आयोग के अनुसार, उपलब्ध कराए गए सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद चुनाव कार्यक्रम पुन: निर्धारित करते हुए 20 फरवरी 2022 को मतदान कराने का निर्णय लिया गया। चुनाव के लिए अधिसूचना 25 जनवरी को जारी होगा।
पहले 14 फरवरी को होना था मतदान
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग ने 8 जनवरी 2022 को पंजाब राज्य की विधानसभा के लिए आम चुनावों की घोषणा की थी, जिसके तहत चुनाव की अधिसूचना 21 जनवरी 2022 को जारी की जानी थी और मतदान 14 फरवरी 2022 को होना था।
चुनाव का नया शिड्यूल
अधिसूचना जारी करने की तिथि : 25 जनवरी 2022 (मंगलवार)
नामांकन की अंतिम तिथि : 1 फरवरी 2022 (मंगलवार)
नामांकन की जांच की तिथि : 2 फरवरी 2022 (बुधवार)
नामांकन वापस लेने की तिथि : 4 फरवरी 2022 (शुक्रवार)
मतदान की तिथि : 20 फरवरी 2022 (रविवार)
मतगणना 10 मार्च 2022 (गुरुवार) को होगी।