श्रीगंगानगर, 21 मार्च (मुखपत्र) । श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर कस्बे में हरीपुरा रोड पर स्थित सुप्रसिद्ध शक्ति भवानी बुद्धा माता मन्दिर में नौ दिवसीय 92वां नवरात्र महोत्सव 22 मार्च 2023 से 30 मार्च 2023 तक मनाया जाएगा।
शक्ति भवानी बुद्धा माता मंदिर कमेटी के संरक्षक हरिसिंंह कामरा ने बताया कि नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव की शुरूआत 22 मार्च 2023 बुधवार को प्रात: 8.15 बजे घटस्थापना से होगी एवं तत्पश्चात मांं दुर्गा, काली माता, हनुमान जी एवं बाबा रामदेव के निमित्त शुद्ध घी की 12 अखंड ज्योतियां प्रज्वलित की जाएंगी। इसके उपरांत प्रात: 10.15 बजे श्री रामचरित मानस पाठ का शुभारम्भ किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि मंदिर की संस्थापक स्वर्गीय बुद्धामाता की स्मृति में 26 मार्च 2023 को सायं 4.15 बजे संगीतमयी श्री सुंदरकांड पाठ होगा, जिसे जयश्रीराम सुंदरकांड मंडल, श्रीविजयनगर द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा। 27 मार्च 2023 को सायं 5.15 बजे सचेतन झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। 28 मार्च 2023 को सायं 6.15 बजे 11 हजार ज्योतों से मां दुर्गा की महाआरती की जाएगी।
दुर्गाष्टमी पर होगा भगवती जागरण
श्री कामरा के अनुसार, दुर्गाष्टमी पर 29 मार्च 2023 को सायं 6.15 बजे मां दुर्गा को 56 भोग अर्पित किये जाएंगे तथा रात्रि 9.15 बजे से मां भगवती का जागरण होगा, जिसमें ममता अंजान एंड पार्टी, पदमपुर और जयश्रीराम सुंदरकांड मंडल, श्रीविजयनगर द्वारा भजनों के माध्यम से मां भगवती की महिमा का गुणगान किया जायेगा।
30 मार्च को सामूहिक कन्या पूजन व अटूट भंडारा
अगले दिन 30 मार्च 2023 को इलाके की सुख शांति की कामना के लिए प्रात: 8.15 बजे दुर्गा सप्तशती हवन आरम्भ होगा एवं प्रात: 10.15 बजे हवन की पूर्णाहूति होगी। प्रात: 11.15 बजे ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के प्रति आमजन को प्रेरित करने के लिए मंदिर परिसर में 108 कन्याओं का सामूहिक पूजन कर उपहार वितरित किये जाएंगे। दोपहर 12.15 बजे से अटूट भंडारा (लंगर) चलेगा। शाम को 5.15 बजे श्रीरामचरितमानस पाठ का समापन होगा एवं प्रसाद वितरित किया जायेगा। इसी के साथ नवरात्र महोत्सव सम्पन्न होगा।
प्रतिदिन भजन-कीर्तन होंगे
उन्होंने बताया कि नवरात्रि महोत्सव के दौरान पहले नवरात्र से दुर्गाष्टमी तक, मंदिर परिसर में, प्रतिदिन सायं 4 से 7 बजे तक भजन कीर्तन होगा एवं माता की चौकी सजायी जाएगी।