जयपुर, 16 फरवरी (मुखपत्र)। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने गुरुवार को विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी को विधायक पद का त्यागपत्र सौंपा। श्री कटारिया को हाल ही में असम राज्य का राज्यपाल मनोनीत किया गया है।
राजस्थान में झीलों की नगरी के लिए प्रसिद्ध उदयपुर से विधायक गुलाबचंद कटारिया, राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे। आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में उनका नाम भारतीय जनता पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के सम्भावित दावेदारों में शामिल था। वे तीन बार राजस्थान सरकार में मंत्री भी रहे।
कटारिया को राजनीतिक सफर
13 अक्टूबर 1944 को उदयपुर में जन्मे श्री कटारिया राज्य विधानसभा के सबसे अनुभवी विधायक थे। वे 1977-1980 तक 6वीं राजस्थान विधानसभा, 1980-1985 तक 7वीं विधानसभा, 1993-1998 तक 10वीं विधानसभा, 1998-2003 तक 11वीं विधानसभा, 2003-2008 तक 12वीं विधानसभा, 2008-2013 तक 13वीं विधानसभा, 2013-2018 तक 14वीं विधानसभा और 2018 से 16 फरवरी 2023 तक 15वीं राजस्थान विधानसभा के सदस्य रहे। इस दौरान वे 1989 से 1991 तक 9वीं लोकसभा के भी सदस्य रहे।
वे 13 दिसम्बर 1993 से 30 नवम्बर 1998 तक राजस्थान सरकार में प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री, 24 अगस्त 2002 से 4 दिसम्बर तक 2003 नेता प्रतिपक्ष, 8 जनवरी 2004 से 31 मई 2004 तक लोक निर्माण विभाग और गृह मंत्री तथा 31 मई 2004 से 31 दिसम्बर 2008 तक गृह मंत्री रहे। 15वीं विधानसभा में भी वे नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में रहे।