श्रीनगर, 31 अक्टूबर (एजेंसी)| गिरीश चंद्र मुर्मू व राधा कृष्ण माथुर ने गुरुवार को नवगठित केंद्र शासित प्रदेशों- जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के पहले उप राज्यपाल के रूप में शपथ ली। राधा कृष्ण माथुर को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के पहले उपराज्यपाल के तौर पर जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल ने पहले शपथ दिलाई।
इसके बाद श्रीनगर में राजभवन में मुर्मू ने शपथ ग्रहण किया। मुर्मू का जन्म ओडिशा में 1959 में हुआ। 1985 गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव के रूप में सेवाएं दी है, जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे।
ऐतिहासिक अवसर होने पर भी समारोह को सादा रखा गया और मीडिया को आमंत्रित नहीं किया गया। प्रशासन व सुरक्षा के वरिष्ठ अधिकारी व पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के सलाहकार सहित, जीओसी, 15 कॉर्प, लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस ढिल्लों व जम्मू से भाजपा सांसद जुगल किशोर ने समारोह में भाग लिया। मुर्मू की पत्नी व भतीजी भी समारोह में मौजूद थीं।
मलिक को उनके बाकी के कार्यकाल के लिए गोवा का राज्यपाल बनाया गया है।