सिद्धारमैया मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री होंगे
नई दिल्ली, 18 मई। कांग्रेस ने कर्नाटक में सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री और विधायक डॉ जी परमेश्वर ने गुरुवार को पार्टी प्रतिनिधि के रूप में राजभवन जाकर राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की और कर्नाटक में सरकार बनाने का दावा पेश किया। कांग्रेस ने पांच दिन तक चले सस्पेंस के बाद, सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री एवं डीके शिवकुमार को उप मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की है। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को होने वाला है। शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी नेताओं का बड़ा जमावड़ा देखने को मिल सकता है।
दूसरी बार सीएम बनेंगे सिद्धारमैया
सिद्धारमैया दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। 75 वर्षीय सिद्धारमैया 2013 से 2018 तक कर्नाटक के सीएम थे। जबकि 61 साल के शिवकुमार राज्य में मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख हैं। राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 224 में से 135 सीट जीती हैं। भाजपा ने 66 और जनता दल (सेक्युलर) ने 19 सीटें हासिल की हैं।
सुरजेवाला ने किया सीएम-डिप्टी सीएम के नाम का ऐलान
इससे पहले, कर्नाटक विधानसभा के चुनाव परिणाम आने के पांच दिन बाद, गुरुवार को कांग्रेस ने ऐलान किया कि सिद्धारमैया ही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार को उप मुख्यमंत्री बनाया जायेगा। शिवकुमार लोकसभा चुनाव तक प्रदेशाध्यक्ष का पद भी सम्भालेंगे। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने पत्रकार वार्ता में यह घोषणा की।
लोकसभा चुनाव तक शिवकुमार अध्यक्ष बने रहेंगे
सुरजेवाला ने आगे कहा कि लोकसभा चुनाव तक डीके शिवकुमार अध्यक्ष बने रहेंगे और पार्टी को और मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने इसी के साथ कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार कर्नाटक में अपनी पहली केबिनेट बैठक में पांच गारंटी लागू करेगी।
20 मई को होगा शपथ ग्रहण समारोह
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि नयी सरकार का 20 मई को शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रियों का एक समूह भी उस दिन शपथ लेगा।