गांधीनगर, 12 दिसम्बर। गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बम्पर जीत दिलाने वाले भूपेंद्र पटेल ने सोमवार दो दूसरी बार गुजरात राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गांधीनगर के हेलीपैड ग्राउंड में उन्होंने राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। भूपेंद्र पटेल के साथ उनकी सरकार के 16 मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इनमें 8 केबिनेट मंत्री, 2 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं 6 राज्य मंत्री हैं।
भूपेंद्र पटेल अहमदाबाद जिले की घाटलोडिया सीट से विधायक हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने बार के 156 सीटों के साथ रिकॉर्ड जीत प्राप्त की है। भूपेंद्र पटेल 2017 और 2022 में गुजरात में सर्वाधिक वोटों से चुनाव में जीत हासिल की। वह मध्य गुजरात से आते हैं। भूपेंद्र पटेल पाटीदार समुदाय के कडवा पटेल समाज से संबंध रखते हैं। उनकी गिनती गुजरात के साफ-सुथरी छवि वाले नेताओं में की जाती है।
भूपेंद्र पटेल सरकार-2 में सीएम के साथ 16 विधायकों को भी मंत्री पथ की शपथ दिलायी गयी। पटेल के बाद विधायक कनुभाई मोहनलाल देसाई, ऋषिकेश पटेल, राघवजी पटेल, बलवंत सिंह राजपूत, कुवंरजी बावलिया, मुलुभाई बेरा, भानुबेन बाबरियाठ और कुबेर डिडोर ने केबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। हर्ष सांगवी और जगदीश विश्वकर्मा को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ दिलाई गई जबकि मुकेश पटेल, पुरुषोत्तम सोलंकी, बच्चू भाई खाबड़, प्रफुल्ल पानसेरिसा, भीखू सिंह परमार और कुंवरजी हलपति ने राज्य मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह में जुटे भाजपा के दिग्गज
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, मनसुख मांडविया, पुरुषोत्तम रुपाला, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा सहित भाजपा शासित राज्यों के 12 से अधिक मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री भी सम्मिलित हुए।