जयपुर, 26 जनवरी (मुखपत्र)। राज्यपाल कलराज मिश्र ने गणतन्त्र दिवस पर बुधवार को राजभवन में संविधान पार्क एवं अन्य निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं विधानसभाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी को आर्किटेक्ट अनूप बरतरिया ने संविधान पार्क के प्रस्तावित स्वरूप के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर लोकायुक्त न्यायमूर्ति प्रताप कृष्ण लोहरा, सांसद रामचरण बोहरा, जयपुर नगर निगम ग्रेटर की महापौर श्रीमती शील धाबई, मुख्य सचिव निरंजन आर्य, पुलिस महानिदेशक एम.एल. लाठर, राज्यपाल के प्रमुख सचिव सुबीर कुमार, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव कुंजीलाल मीणा, राज्यपाल के प्रमुख विशेषाधिकारी गोविन्द राम जायसवाल, स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव जोगाराम, जेडीए आयुक्त गौरव गोयल सहित प्रशासनिक अधिकारी, राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
महात्मा गांधी, महाराणा प्रताप, स्वामी विवेकानंद की स्टेच्यू लगेगी
जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे संविधान पार्क में चरखा कातते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा विशेष आकर्षण के रूप में प्रदर्शित की जाएगी, जिसने आजादी के आंदोलन में चरखे के जरिए स्वेदशी के आदर्श को जीवंत किया था। एक अन्य वीथी में महाराणा प्रताप और उनके घोड़े चेतक की मूर्ति प्रदर्शित की जाएगी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत गौरव स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा भी लगाई जाएगी। भारतीय संविधान और उससे जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम की स्मृति दिलाने के लिए 45 शिल्प संविधान पार्क में प्रदर्शित किए जाएंगे। एक विशाल तिरंगा स्तम्भ भी स्थापित किया जाएगा।
संविधान लेखन का घटनाक्रम जीवंत होगा
संविधान समिति के गठन, संविधान के निर्माण और इसे लागू किए जाने से सम्बन्धित महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाक्रम और संसद में इस सम्बन्ध में हुई कार्यवाही को भी चित्रों एवं मूर्ति शिल्प के जरिए संविधान पार्क में जीवंत किया जाएगा। संविधान के 22 भागों की जानकारी भी रोचक ढंग से प्रस्तुत की जाएगी।