नई दिल्ली, 11 अप्रेल। पहला खेलो इंडिया राष्ट्रीय रैंकिंग महिला तीरंदाजी टूर्नामेंट का पहला चरण झारखंड के जमशेदपुर में टाटा तीरंदाजी अकादमी में 12 और 13 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। भारतीय खेल प्राधिकरण ने इस टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए 75 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई), झारखंड तीरंदाजी संघ और टाटा स्टील के सहयोग से यह टूर्नामेंट रिकर्व और कंपाउंड स्पर्धा में सीनियर, जूनियर तथा कैडेट वर्ग में आयोजित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता विश्व तीरंदाजी नियमों के आधार पर होगी।
32 खिलाडिय़ों का चयन
सीनियर, जूनियर और कैडेट वर्ग में शीर्ष 32 रिकर्व और कंपाउंड तीरंदाजों को हाल ही में सम्पन्न राष्ट्रीय चैंपियनशिप के आधार पर टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए चुना गया है। ऐसे तीरंदाज, जिन्होंने 2021-2022 में किसी भी अंतर्राष्ट्रीय चैंपियनशिप/राष्ट्रीय/चयन ट्रायल/खेलो इंडिया टूर्नामेंट/राज्य चैंपियनशिप/राज्य चयन ट्रायल में न्यूनतम योग्यता अंक (एमक्यूएस) हासिल किए हैं, उन्हें भी इस प्रतियोगिता में शामिल होने की अनुमति दी गई है।
शीर्ष 16 तीरंदाजों को मिलेगी 37.50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि
दिसंबर 2022 के लिए निर्धारित अंतिम चरण के साथ 6 महिला राष्ट्रीय रैंकिंग टूर्नामेंट हर एक महीने के अंतराल पर आयोजित किए जाएंगे। दिसंबर में अंतिम चरण के लिए शीर्ष 16 तीरंदाजों की रैंकिंग पर पहुंचने के लिए 5 चरण के कुल अंकों की गणना की जाएगी। इन शीर्ष 16 तीरंदाजों को 37.50 लाख रुपए की राशि के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
खिलाडिय़ों को खेल के अधिक अवसर मिलेंगे
राष्ट्रीय रैंकिंग महिला तीरंदाजी टूर्नामेंट खेलो इंडिया के महिलाओं के लिए खेल घटक का एक और प्रयास है। खेलो इंडिया नेशनल रैंकिंग महिला तीरंदाजी टूर्नामेंट, अब महिला सशक्तिकरण के अनुरूप, तीरंदाजों की दूसरी, तीसरी और चौथी पंक्तियों के लिए घरेलू स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धा और अवसर प्रदान करेगा। इससे उन्हें अपनी मानसिक दृढ़ता और प्रतियोगी क्षमता विकसित करने के लिए मैच खेलने के अवसर प्रदान करने में भी मदद मिलेगी।