नई दिल्ली, 9 फरवरी। बॉलीवुड को आज फिर एक सदमा लगा। हिन्दी फिल्मों के शोमैन राजकपूर सबसे छोटे बेटे राजीव कपूर का मंगलवार को हार्ट अटैक के बाद निधन हो गया। राजीव कपूर 58 साल के थे। खबर है कि सुबह हार्ट अटैक पडऩे के बाद रणधीर कपूर उन्हें तुरंत हॉस्पिटल लेकर गए थे लेकिन जब वह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजीव कपूर ऐक्टर रणधीर कपूर और ऋषि कपूर के सबसे छोटे भाई थे। ऋषि कपूर का भी कुछ ही माह पूर्व निधन हो गया था।
राजीव कपूर ने राज कपूर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘राम तेरी गंगा मैली’ से अपनी पहचान बनाई थी। इसके बाद वह कुछ ही फिल्मों में नजर आए थे। उन्होंने ऋषि कपूर के लीड रोल वाली फिल्म ‘प्रेम ग्रंथ’ का डायरेक्शन भी किया था।
मंदाकिनी ले गयी राम तेरी गंगा मैली का क्रेडिट
राज कपूर ने बेटे राजीव के लिए साल 1983 में पहली फिल्म एक जान हैं हम बनाई थी। फिल्म में वह लीड हीरो थे, लेकिन यह फिल्म फ्लॉप हो गई। इसके बाद राज कपूर ने बेटे राजीव को लेकर राम तेरी गंगा मैली फिल्म बनाई, जो सुपरहिट साबित हुई। इस फिल्म का निर्देशन राज कपूर ने किया था। इसमें मंदाकिनी फीमेल लीड रोल में थीं, जिनका किरदार इतना स्ट्रॉन्ग था कि फिल्म में राजीव कपूर का रोल कमजोर पड़ गया। ऐसे में फिल्म की सफलता का श्रेय मंदाकिनी ले गईं। ‘राम तेरी गंगा मैली’ के सफल होने से मंदाकिनी रातोंरात स्टार बन गईं, लेकिन राजीव कपूर को कोई फायदा नहीं हुआ।
‘राम तेरी गंगा मैली’ के बाद राजीव कपूर ने हम तो चले परदेस, अंगारे, लवर ब्वॉय जैसी कई फिल्मों में काम किया, लेकिन उन्हें सिर्फ निराशा हाथ लगी। इनमें से कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं टिक पाई।