नई दिल्ली, 9 फरवरी। गणतंत्र दिवस के दिन किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किला पर हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने दीप सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को दिल्ली की एक अदालत ने पंजाबी अभिनेता दीप सिद्धू को 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। दिल्ली पुलिस ने 10 दिन का रिमांड मांगा था।
ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किले के प्राचीर पर झंडा फहराने के मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को किसानों ने अगले ही दिन धरनास्थल से भगा दिया था। स्वयं किसान संगठनों ने लाल किला घटना की निंदा करते हुए इसे आंदोलन को फेल करने की साजिश बताया था। धरना स्थल से भगाये जाने के बाद से सिद्धू फरार था। 26 जनवरी को हजारों की संख्या में आईटीओ पहुंचे प्रदर्शनकारी किसानों की पुलिस कर्मियों से झड़पें हुई थीं। कई प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर चलाते हुए लाल किला पहुंच गए और स्मारक में प्रवेश कर गये, जहां खालसा पंथ का झंडा फहराया गया।
एक लाख रुपये का ईनाम घोषित
सिद्धू पर दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम भी रखा था। फरार होने के बावजूद सिद्धू फेसबुक के जरिए लगातार वीडियो मेसेज जारी कर स्वयं को निर्दोष बता रहा था। दिल्ली पुलिस ने पिछले दिनों दावा किया था कि वह अपनी एक करीबी मित्र के जरिए सोशल मीडिया पर वीडियो डाल रहा था। एक्टर दीप सिद्धू को पकडऩे के लिए दिल्ली पुलिस की टीमें पंजाब में लगातार जगह दबिश दे रही थीं। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) संजीव कुमार यादव ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस की विशेष सेल ने सिद्धू को सोमवार रात 10.40 बजे करनाल बाइपास से गिरफ्तार किया गया।
एक प्रदर्शनकारी की हुई थी मौत
गणतंत्र दिवस पर लाल किले में भीड़ को उकसाने के सम्बंध में दर्ज एक मामले में उसकी तलाश थी। डीसीपी ने कहा, अपराध शाखा उसकी भूमिका की विस्तार से जांच करेगी। यह पूछे जाने पर कि 26 जनवरी के बाद से वह कहां छिपा था, यादव ने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में हैं। गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे और एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी।