न्यूजीलैंड की भारत पर आठ विकेट से जीत
हैमिल्टन. न्यूजीलैंड ने पांच मैच की सीरीज के चौथे वनडे में भारत को आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत से उसने भारत के खिलाफ सीरीज का स्कोर 1-3 कर लिया। न्यूजीलैंड ने ट्रेंट बोल्ट (5/21) और कोलिन डी ग्रांडहोम (3/26) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर पहले भारतीय पारी 92 रन पर समेटी। बाद में हेनरी निकोलसस (30), रॉस टेलर (37), मार्टिन गुप्टिल (14) और कप्तान केन विलियम्सन (11) की मदद से 14.4 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 93 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। हालांकि, टीम इंडिया शुरुआती तीन वनडे जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी है, लेकिन आज के नतीजे के बाद वह न्यूजीलैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप करने से चूक गई। अब वह सीरीज में 3-1 से आगे है।
ताश के पत्तों की तरह गिरे भारतीय विकेट
मैच में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। उसके दोनों ओपनर्स 23 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। भारत ने 8 विकेट महज 55 रन के स्कोर पर गंवा दिए थे। भारत की पूरी 30.5 ओवर में 92 रन पर ऑलआउट हो गई। उसके सात खिलाड़ी दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाए। दो खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए। भारत की ओर से सबसे ज्यादा 18 रन युजवेंद्र चहल ने बनाए। वे नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। उन्होंने करियर में पांचवीं बार पांच विकेट लिए हैं। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गुया। टीम इंडिया 7वीं बार 100 के अंदर ऑलआउट हुई है। उसका न्यूजीलैंड के खिलाफ यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले वह 10 अगस्त 2010 को दाम्बुला में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम 29.3 ओवर में 88 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
15वें ओवर में जीत गए कीवी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने तेज शुरुआत की। ओपनर मार्टिन गुप्टिल ने तीन गेंद में ही 14 रन बना लिए थे। हालांकि, चौथी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें हार्दिक पंड्या के हाथों कैच करा दिया। उनकी जगह कप्तान केन विलियम्सन ने क्रीज संभाली। पिछले तीनों वनडे में 25 से ज्यादा का स्कोर करने वाले विलियम्सन इस बार 11 रन ही बना पाए। भुवनेश्वर ने उन्हें विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। इसके बाद हेनरी निकोलस और रॉस टेलर ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 54 रन जोड़े और न्यूजीलैंड ने 14.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।