8 करोड़ 4 लाख नये मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि इस बार लोकसभा चुनाव में कुल 90 करोड़ वोटर होंगे। इनमें 8 करोड़ 4 लाख नए मतदाता हैं। इनमें से 1.5 करोड़ वोटर 18-19 साल की उम्र के हैं यानी ये वो मतदाता हैं जो इक्कीसवीं सदी में पैदा हुए और पहली बार देश की सरकार चुनने में भागीदार बनेंगे। उन्होंने बताया कि कुल मतदाताओं मे से 99.3 के पास वोटर आईडी है।
एक लाख बूथ बढ गये
चुनाव आयुक्त ने बताया, वर्ष 2014 के चुनाव में 9 लाख मतदान केंद्र थे, इस बार 10 लाख पोलिंग बूथ होंगे। पहली बार पूरे देश के सभी बूथों पर वीवीपैट मशीन का इस्तेमाल होगा। लोकसभा चुनाव के लिए हेल्पलाइन नंबर-1950 होगा। सभी चुनाव अधिकारियों की गाड़ी में जीपीएस होगा। मोबाइल पर ऐप के जरिए भी आयोग को आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी दी जा सकती है और 100 मिनट के भीतर हमारे अधिकारी को इस पर एक्शन लेना ही होगा। शिकायतकर्ता की निजता का ख्याल रखा जाएगा।
कुछ भी छुपाया तो नामांकन रद्द
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया, अगर प्रत्याशी अगर फॉर्म 26 में सभी जानकारियां नहीं भरता तो उसका नामांकन रद्द हो जाएगा। साथ ही बिना पैनकार्ड वाले उम्मीदवारों का नामांकन रद्द होगा। इस बार चुनाव में सोशल मीडिया एक्सपर्ट मीडिया सर्टिफिकेशन और मॉनिटरिंग कमेटी का हिस्सा होंगे। प्रत्याशियों को सोशल मीडिया अकाउंट और उसपर होने वाले प्रचार में खर्च राशि की जानकारी देनी होगी। चुनावी खर्च में सोशल मीडिया पर होने वाली राशि को भी जोड़ा जाएगा। वोटरों को नाम को लेकर भ्रम न हो इसलिए इस बार ईवीएम में प्रत्याशियों की फोटो भी दिखेगी।