राज्य में अधिकांश सीटों पर बहुकोणीय मुुकाबला
चंडीगढ़, 12 मई (एजेंसी)| हरियाणा में रविवार को 10 लोकसभा सीटों पर 63.19 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। यहां मुख्य रूप से राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनावी मैदान में हैं, जिन पर सबकी नजरें हैं। इस चरण में 11 महिलाओं सहित 223 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो गया। इस चरण में अंबाला, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, सिरसा, करनाल, सोनीपत, भिवानी-महेंद्रगढ़ और रोहतक में 1.80 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र थे।
यमुनानगर, महेंद्रगढ़ और गोहाना में कुछ बूथों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में गड़बड़ी के कारण मतदान में देरी हुई। गोहाना में पोलिंग बूथ नंबर 84 पर सुबह 10 बजे तक खराब ईवीएम को ठीक नहीं किया जा सका, इसलिए तीन घंटे में केवल दो वोट पड़े। राज्य में सबसे पहले मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पूर्व मुख्यमंत्री और सोनीपत से कांग्रेस उम्मीदवार भूपिंदर सिंह हुड्डा, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कृष्ण पाल गुर्जर और बीरेंद्र सिंह और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली शामिल रहे।
वोटों का गणित
भाजपा, कांग्रेस, ओम प्रकाश चौटाला की इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) चुनावी मैदान में उतरी प्रमुख पार्टियां हैं। राज्य में 1.80 करोड़ से अधिक मतदाता हैं, जिनमें 83,40,173 महिलाएं और 207 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव में 73 फीसदी मतदान हुआ था, वहीं 2009 में 68 फीसदी मत डाले गए थे।
10 में से 7 भाजपा के पास
वर्ष 2014 भाजपा ने इन 10 सीटों में से सात पर जीत हासिल की थी। भाजपा का मत प्रतिशत 2014 में 34.7 था। वहीं 2009 में भाजपा को 17.21 फीसदी वोट मिले थे। लेकिन वह एक भी सीट जीत नहीं सकी थी। कांग्रेस के पास 2009 में नौ सीटें थीं, लेकिन 2014 में वह इसमें से आठ सीटें हार गई। 2009 में उसे 41.77 प्रतिशत वोट मिले थे, लेकिन 2014 में उसे 22.9 फीसदी वोट मिले। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने 2014 में दो सीटें जीती थी और उसे 24.4 प्रतिशत वोट मिले थे। 2009 में उसे 15.78 फीसदी मत मिले थे।