जयपुर। भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पूर्व तीन दिग्गज नेताओं को अमित शाह ने अपनी टीम में शामिल किया है। इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह शामिल हैं। तीनों को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। संभवत: ये नियुक्तियां इस साल मई में होने वाले लोकसभा चुनावों के दृष्टिगत की गयी हैं, लेकिन इस नियुक्ति के और भी सियासी मायने हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर वसुंधरा राजे अब नेता प्रतिपक्ष की दौड़ से बाहर हो गयी हैं। राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष का चुनाव 13 जनवरी को होना है। इसके लिए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली जयपुर आ रहे हैं। पूर्व मंत्री गुलाबचंद कटारिया और राजेंद्र राठौड़ के अलावा विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं।
